कटनी में दबंगई नो-पार्किंग पर व्हील लॉक, फिर निगम कर्मचारियों को गाली-धमकी

कटनी में दबंगई नो-पार्किंग पर व्हील लॉक, फिर निगम कर्मचारियों को गाली-धमकी
कटनी शहर में कानून व्यवस्था और यातायात नियमों को ठेंगा दिखाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर व्हील लॉक लगाने से नाराज एक व्यक्ति ने नगर निगम कर्मचारियों से खुलेआम बदसलूकी, गाली-गलौज और धमकी दी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक MP21 ZA 0452 के मालिक श्याम सुंदर पाण्डेय ने अपना चार पहिया वाहन नो-पार्किंग जोन में खड़ा किया था। इस पर यातायात पुलिस और नगर निगम कटनी की संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन पर व्हील लॉक लगाया।
इसी से आक्रोशित होकर वाहन मालिक मौके पर पहुंचा और कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार करने लगा। वायरल वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि उसने कर्मचारियों को अपशब्द कहे और नगर निगम आयुक्त के लिए भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि उसने खुद को प्रमोद पाण्डेय का भाई बताते हुए मनीष पाठक, आलोक तिवारी और शशांक श्रीवास्तव जैसे प्रभावशाली नामों का हवाला देकर दबाव बनाने की कोशिश की।
इतना ही नहीं, आरोप है कि व्हील लॉक हटने के बाद भी उसने एक कर्मचारी को खुलेआम धमकाते हुए कहा कि वह एक सप्ताह के भीतर तपस्या परिहार और नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक से कहकर उसकी नौकरी निकलवा देगा।
यह मामला अब केवल यातायात नियम उल्लंघन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शासकीय कार्य में बाधा और सरकारी कर्मचारियों को डराने-धमकाने का गंभीर विषय बन गया है।
संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।




