रीवा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ढेकहा मोहल्ले में स्थित नाइट क्लब बियर बार में देर रात विवाद के बाद गोलीकांड हो गया
रीवा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ढेकहा मोहल्ले में स्थित नाइट क्लब बियर बार में देर रात विवाद के बाद गोलीकांड हो गया। बिल्डिंग मालिक एलबी सिंह ने बार कर्मचारी जमुना सिंह बघेल पर पिस्तौल से तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां पेट में आर-पार हो गईं। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है। घटना रात करीब 12 बजे की है। पुलिस के अनुसार, बार के अंदर किसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे बार में अफरा-तफरी मच गई। घायल जमुना सिंह बार में कर्मचारी हैं, जबकि उनकी पत्नी पूजा सिंह बघेल संजय गांधी अस्पताल में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। परिवार ने कोई पुराना विवाद होने से इनकार किया है। फोन पर जमुना ने ही पत्नी को फोनकर बताया कि एलबी सिंह ने गोली मारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी एलबी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस फायरिंग के सटीक कारणों, किसी पुरानी रंजिश और आरोपी के बैकग्राउंड की जांच कर रही है। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।



