शासकीय महाविद्यालय बरही के प्राध्यापकों द्वारा विद्यालयों में जाकर चलाया जा रहा ‘कॉलेज चलो अभियान

शासकीय महाविद्यालय बरही के प्राध्यापकों द्वारा विद्यालयों में जाकर चलाया जा रहा ‘कॉलेज चलो अभियान’
विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया के साथ विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं की दी जा रही जानकारी
कटनी – उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2026–2027 में प्रवेश प्रक्रिया के लिए शासकीय महाविद्यालय बरही में “कॉलेज चलो अभियान” अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय बरही की ओर से डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. सुनीता सिंह एवं डॉ. के. के. विश्वकर्मा द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गैरतलाई और डी. ए. वी. विद्यालय कुटेश्वर जिला कटनी पहुंचकर “कॉलेज चलो अभियान” के तहत विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत सर्वप्रथम डॉ. अरविंद सिंह ने विद्यालय के विद्यार्थियो को प्रवेश प्रक्रिया के साथ प्रवेश के दौरान होने वाली विभिन्न परेशानियों एवं उस समय किन सावधानियों को ध्यान में रखना चाहिए के संबंध में विस्तार से जानकारियां दी। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना, स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना, क्रीड़ा के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों के संबंध में भी विद्यार्थियो को अवगत कराया।
अभियान के अगले चरण में डॉ. के. के. विश्वकर्मा ने महाविद्यालय में उपलब्ध पाठ्यक्रम, सुविधाओं, शासन द्वारा संचालित गांव की बेटी, मुख्य मंत्री मेधावी जैसी प्रोत्साहन एवं विभिन्न छात्रवृति योजनाओं जैसे संबल, आवास, एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियो के लिए पोस्ट मैट्रिक के साथ संचालित अन्य योजनाओं से भी विद्यार्थियो को अवगत कराया। डॉ. सुनीता सिंह द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं विषय चयन की प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियों विद्यार्थियो को दी गई। अंत में डॉ. अरविन्द सिंह द्वारा विद्यार्थियों की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कॉलेज चलो अभियान के प्रभारी सौरभ तिवारी द्वारा बताया गया कि इसी प्रकार से महाविद्यालय स्टाफ के अन्य सदस्यो को भी अलग-अलग विद्यालय आवंटित किए गए हैं। जहां जाकर सभी विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया के साथ विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान करेगें। साथ ही प्राचार्य डॉ. आर. के. त्रिपाठी द्वारा सभी को निर्धारित समय-सीमा में आवंटित विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को कॉलेज चलो अभियान से संबंधित जानकारी देने एवं आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया है।
कॉलेज चलो अभियान के दौरान संबंधित विद्यालय के प्राचार्य श्री अजय गुप्ता एवं स्टॉफ ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बारहवीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थी उपस्थिति रहें।




