कलेक्टर के निर्देश पर सलैयाफाटक के मुक्तिधाम के रास्ते से हटाया गया अवैध कब्जा

कलेक्टर के निर्देश पर सलैयाफाटक के मुक्तिधाम के रास्ते से हटाया गया अवैध कब्जा
कलेक्टर श्री तिवारी ने बहोरीबंद में आयोजित जनसुनवाई में अतिक्रमण हटाने के दिये थे निर्देश
कटनी – तहसील स्लीमनाबाद के ग्राम सलैयाफाटक में शासकीय मुक्तिधाम के रास्ते में किए गए अवैध निर्माण और अवैध अतिक्रमण को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर हटा दिया गया है।
बहोरीबंद में बीते 20 जनवरी को आयोजित जन-सुनवाई में ग्राम पंचायत सलैया फाटक के सरपंच बसोरी लाल यादव ने कलेक्टर श्री तिवारी को अवगत कराया कि भागचन्द और उनकी पत्नी सुहद्रा बाई द्वारा मुक्तिधाम जाने वाले शासकीय मुरूम मार्ग पर घर बनाकर लोहे की जाली लगा दी गई है। इसके कारण शवयात्रा ले जाने में ग्रामीणों को काफी दिक्कतों और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में शवयात्रा रोकने और अभद्रता करने की शिकायतें भी थाने और तहसील तक पहुंची है।
इस पर कलेक्टर श्री तिवारी के संज्ञान में श्मशान भूमि के रास्ते में अवैध अतिक्रमण का मामला आने के बाद उन्होंने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये। जिसके बाद नायब तहसीलदार बहोरीबंद आकाशदीप नामदेव के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची। अवैध अतिक्रमण को हटवाकर अब रास्ते को पूरी तरह साफ कर दिया गया है।




