पेंशन निकलवाने आए बुज़ुर्ग को बिना पेंशन ही आई मौत, SBI बैंक से जिला अस्पताल भेजा गया शव

पेंशन निकलवाने आए बुज़ुर्ग को बिना पेंशन ही आई मौत, SBI बैंक से जिला अस्पताल भेजा गया शव।
कटनी। जिले के झिंझरी क्षेत्र में रहने वाले 68 वर्षीय बुज़ुर्ग पेंशन निकालने के लिए अपने पड़ोसी के साथ भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा पहुँचे थे। पेंशन के सहारे जीवन चलाने आए बुज़ुर्ग को बैंक से बिना पेंशन ही मौत ने आ घेरा। बैंक परिसर में बैठे-बैठे अचानक उनकी मृत्यु हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुज़ुर्ग पेंशन भुगतान के लिए काफी देर से बैंक में बैठे हुए थे। अचानक उन्हें अचेत अवस्था में देखा गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते और सहायता मिलती, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद बैंक परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बैंक पहुँचे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ आगे की कार्रवाई की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू की गई।
पेंशन निकालने आए बुज़ुर्ग की इस तरह बैंक परिसर में मौत ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैंकिंग व्यवस्था, प्राथमिक सुविधा और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे




