क्राइम

शादी से ठीक पहले युवती प्रेमी संग फरार, शक के चलते बहू से मारपीट और बच्चे को जान से मारने की धमकी

शादी से ठीक पहले युवती प्रेमी संग फरार, शक के चलते बहू से मारपीट और बच्चे को जान से मारने की धमकी

 

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम बामौरकलां में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती अपनी शादी से एक दिन पहले अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई। इस घटना के बाद युवती के परिजनों का शक रिश्तेदारी में आई बहू पर गया, जिसके चलते उसके साथ मारपीट की गई और उसके मासूम बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने थाने में सुनवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

 

 

पीड़िता रेखा कुशवाह के अनुसार, उसके घर अक्सर रिश्तेदारी में आने वाले देवेंद्र कुशवाह का आना-जाना था। इसी दौरान देवेंद्र और परिवार की एक युवती अनीता के बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया, लेकिन अनीता के परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया और उसकी शादी कहीं और तय करने की तैयारी शुरू कर दी।

 

बताया गया है कि 29 दिसंबर को अनीता को देखने लड़का आने वाला था, लेकिन उससे एक दिन पहले ही वह देवेंद्र के साथ घर से चली गई। इसके बाद अनीता के परिजनों ने रेखा पर युवती को भगाने में मदद करने का आरोप लगाया। आरोप है कि परिजन घर में घुस आए, रेखा के साथ मारपीट की और उसके आठ वर्षीय बेटे को जान से मारने की धमकी दी।

 

पीड़िता का आरोप है कि अगली सुबह भी आरोपी दोबारा घर पहुंचे, तोड़फोड़ की और उसकी सास व बच्चे के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, घर में आग लगाने की कोशिश भी की गई। इस पूरी घटना से परिवार दहशत में है।

 

रेखा ने बताया कि जब वह शिकायत लेकर रन्नौद थाने पहुंची तो पुलिस ने गंभीरता से सुनवाई नहीं की। इससे आहत होकर उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच किए जाने की बात कही जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!