शासकीय कन्या महाविद्यालय में उद्यमिता और स्टार्टअप विषय पर कार्यक्रम आयोजित

शासकीय कन्या महाविद्यालय में उद्यमिता और स्टार्टअप विषय पर कार्यक्रम आयोजित
कटनी – छात्राओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करने, स्टार्टअप की संभावनाओं से अवगत कराने तथा नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर उद्यमिता और स्टार्टअप विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन और विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. अर्पित द्विवेदी के कुशल संयोजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि आज के युवा भारत की आर्थिक प्रगति के प्रमुख चालक हैं। उन्होंने छात्राओं को नव उद्यमी बनने, नवाचार और सृजनात्मकता के बल पर देश की आर्थिक विकास गति को और तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवा पीढ़ी यदि अपनी प्रतिभा और विचारों को सही दिशा में लगाए तो न केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त कर सकती है, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी रोजगार के नए अवसर सृजित कर सकती है।
वहीं कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित शासकीय महाविद्यालय, बरही के अतिथि विद्वान डॉ. के.के. निगम ने अपने व्याख्यान में वर्तमान भारतीय अर्थव्यवस्था की तेजी से बढ़ती गति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज के युवा उद्यमिता और स्टार्टअप के माध्यम से देश में रोजगार के अवसरों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. निगम ने स्टार्टअप इकोसिस्टम में उपलब्ध विभिन्न अवसरों, सरकारी योजनाओं, फंडिंग के स्रोतों तथा सफल उद्यमिता के लिए आवश्यक कौशलों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की सदस्य डॉ. रंजना वर्मा, डॉ. संजयकांत भारद्वाज और मीनाक्षी वर्मा ने विशेष सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ. रश्मि चतुर्वेदी, डॉ. विमला मिंज, डॉ. अमिताभ पाण्डेय, के.जे. सिन्हा, डॉ. सुनील कुमार, बंदना मिश्रा, शिल्पी सिंह, मिथलेश्वरी, पंकज सेन, डॉ. अशोक शर्मा, भीम बर्मन, प्रेमलाल कॉवरे, देववती चक्रवर्ती, प्रियंका सोनी, डॉ. फूलचंद कोरी, डॉ. वंदना चौहान, डॉ. मैत्रयी शुक्ला, श्वेता कोरी सहित समस्त स्टाफ सदस्य और छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।



