शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयराघवगढ़ के विद्यार्थियों को कराया गया शासकीय आईटीआई कटनी का भ्रमण

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयराघवगढ़ के विद्यार्थियों को कराया गया शासकीय आईटीआई कटनी का भ्रमण
कटनी – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयराघवगढ़ के आईटी सेक्टर के विद्यार्थियों को शुक्रवार को शासकीय आईटीआई कटनी का भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण में विद्यालय से लगभग 72 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भ्रमण के दौरान विद्यालय से आए विद्यार्थियों को आईटीआई की विभिन्न ट्रेडों फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, कारपेंटर, स्टेनों, कोपा, मोटर मैकेनिक, मैकेनिक डीजल एवं अन्य तकनीकी व्यवसायों का विस्तारपूर्वक अवलोकन कराया गया। साथ ही तकनीकी प्रशिक्षण के आधुनिक उपकरणों, मशीनों, वर्कशॉप व्यवस्था एवं प्रशिक्षण प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इस भ्रमण का संचालन एवं मार्गदर्शन आईटी सेक्टर की प्रशिक्षक रेखा पटेल द्वारा किया गया। साथ ही भ्रमण के दौरान छात्रों को समग्र जानकारी, सुरक्षा निर्देश एवं व्यवसाय संबंधित जागरुकता प्रदान करने का कार्य प्रशिक्षण अधीक्षक भारती तिवारी द्वारा किया गया। शासकीय आईटीआई कटनी का उद्देश्य छात्रों को तकनीकी शिक्षा, व्यावहारिक ज्ञान एवं उद्योग जगत में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराना है, ताकि वे भविष्य में अपने करियर का चयन सुगमता से कर सकें।
आईटीआई प्रबंधन द्वारा विद्यालय के शिक्षकों तथा विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे उपयोगी शैक्षणिक भ्रमण जारी रखने की बात कही गई।




