स्थानीय समाचार

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के मामले में कटनी एक बार फिर टॉप 5 जिलों में शामिल

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के मामले में कटनी एक बार फिर टॉप 5 जिलों में शामिल

 

पुलिस, जिला पंचायत और नगर निगम ने भी हासिल किया ए ग्रेड

 

कटनी – सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में प्रदेश के 28 जिलों के प्रथम समूह में एक बार फिर कटनी टॉप 5 जिलों में शामिल हो गया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के नियमित अनुश्रवण और पर्यवेक्षण की वजह से कटनी जिले ने प्रथम समूह के 28 जिलों में पांचवां स्थान अर्जित किया है। राज्य शासन द्वारा मंगलवार को प्रदेश के जिलों की सीएम हेल्पलाइन के शिकायतों के निराकरण के आधार पर समीक्षा कर बीते माह दिसंबर के आधार पर जारी की गई ग्रेडिंग में कटनी जिले ने 82.83 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड हासिल कर पांचवां स्थान अर्जित किया है।

 

अग्रणी जिलों में शामिल

 

          कटनी जिला प्रथम समूह के 28 जिलों में पांचवें स्‍थान पर है। कलेक्टर श्री तिवारी ने विभागों के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में और अधिक संवेदनशीलता के साथ परिणामोन्मुखी प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। जिले में बीते दिसंबर माह में प्राप्त कुल 8 हजार 888 शिकायतों में से 82.83 वेटेज स्कोर के साथ जिले ने ए ग्रेड हासिल कर 49.34 वेटेज स्कोर के साथ शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया गया।

 

उल्लेखनीय है कि सीएम हेल्पलाइन की निरंतर समीक्षा के परिणामस्वरूप कटनी जिला पिछले 18 माहों से लगातार प्रदेश के 5 अग्रणी जिलों में शामिल है।

 

करें गंभीर प्रयास

 

इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला प्रशासन के विभागों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी जोश और जज्बे के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन प्रशासन में शुचिता, पारदर्शिता तथा सुशासन का बेहतर माध्यम होने के साथ ही आमजन की समस्याओं के निराकरण का भी अच्छा माध्यम है। उन्होंने कहा कि हमारा सदैव यह प्रयास होना चाहिए कि लोगों की शिकायतों और समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण कर उन्हें सहूलियत दी जाए। शिकायतों के त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण से आमजन का प्रशासन पर भरोसा बढ़ता है।

 

पुलिस, नगर निगम और जिला पंचायत ने भी हासिल किया ए ग्रेड

 

          सीएम हेल्पलाइन की संतुष्टिपूर्ण शिकायतों के निपटारे के मामले में कटनी जिले के पुलिस विभाग को सातवां स्थान मिला है। पुलिस विभाग ने दिसंबर माह में 836 शिकायतों में से 52.39 वेटेज स्कोर के साथ संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर ए ग्रेड हासिल किया। जबकि सीएम हेल्पलाइन की संतुष्टिपूर्ण शिकायतों के निपटारे के मामले में जिला पंचायत को आठवां स्थान मिला है। जिला पंचायत ने दिसंबर माह में 1129 शिकायतों में से 85.81 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड में तथा नगर निगम ने सातवें स्थान पर रहकर दिसंबर माह में प्राप्त 574 शिकायतों का 92.23 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड हासिल किया है। कलेक्टर श्री तिवारी ने इन सभी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लगनशीलता की सराहना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!