किसानों के समर्थन में कांग्रेस का धरना, गेहूं खरीदी अव्यवस्था पर सरकार को घेरा

किसानों के समर्थन में कांग्रेस का धरना, गेहूं खरीदी अव्यवस्था पर सरकार को घेरा
किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। गेहूं उपार्जन में अव्यवस्थाओं और किसानों की ज्वलंत समस्याओं के विरोध में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। कार्यक्रम के बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गेहूं खरीदी प्रक्रिया को सुचारू करने, समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी सुनिश्चित करने और किसानों को आर्थिक राहत देने की मांग रखी गई।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि किसान वर्तमान में गंभीर परेशानियों से जूझ रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला कांग्रेस, सेवादल और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि किसानों की मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे और तेज किया जाएगा।




